टांडा (अंबेडकरनगर)। आईएएस व पीसीएस की परीक्षा में सफल हुए मेधावियों का सोमवार को हीरापुर के स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज में भव्य स्वागत हुआ। इससे पहले फूल मालाओं व ढोल नगाड़ों के साथ सभी मेधावियों की अगुवानी की गई। मेधावियों ने अपने संबोधन में युवाओं से आह्वान किया कि वे ठोस लक्ष्य व दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें। उन्हें सफलता मिलना तय है।
बसखारी के रामडीह सराय गढ़ा निवासी दरोगा रहम नबी की पुत्री राशिदा खातून से मिलने के लिए युवतियों में खास उत्सुकता दिखी। राशिदा ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा पास की है। वे अपने परिजनों के साथ पहुंचीं तो भव्य स्वागत देखकर परिवार के सदस्य भी भावुक हो गए। यूपीएससी परीक्षा में सफल हुए रजनीश पटेल व अमित कुमार यादव के साथ बीते दिनों पीसीएस परीक्षा में सफल मेधावी देवेश वर्मा, शिवकुमार वर्मा व अजय चौधरी भी यहां युवाओं का मनोबल बढ़ाने पहुंचे।
डिग्री कॉलेज परिसर से पहले ही मेधावियों का फूल-मालाओं के साथ ही बैंड बाजे से स्वागत किया गया। महाविद्यालय पहुंचने पर मुख्य अतिथि टांडा के सपा विधायक राममूर्ति वर्मा ने मेधावियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। मेधावियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न सौंपा। कहा कि युवाओं की प्रगति के लिए वे सदैव उनके तथा उनके परिजनों के साथ हैं। प्रबंधक कमला प्रसाद वर्मा ने कहा कि इन मेधावियों ने क्षेत्र व जिले का नाम रोशन किया है। इससे सभी
युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, बसखारी ब्लाॅक प्रमुख संजय सिंह, सीओ टांडा संजयनाथ तिवारी, पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा, प्रभाकर चौधरी, पारसनाथ चौधरी, रामउजागिर वर्मा, ध्यानचंद्र वर्मा, सुग्रीव कनौजिा, इंद्रजीत यादव, विजयमणि यादव व रेहान खान आदि मौजूद रहे।