अंबेडकरनगर। पहितीपुर में शनिवार को योग शिविर का आयोजन हुआ। इसमें कई ग्रामीणों ने योगाभ्यास करने के साथ ही उसके महत्व के बारे में जाना। प्रशिक्षक हनुमान प्रसाद ने कहा कि योग मानसिक जागृति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि नियमित तौर पर प्राणायाम का अभ्यास किया जाए तो डिप्रेशन व अन्य मानसिक विकारों को दूर किया जा सकता है। प्राणायाम के अन्य लाभ बताते हुए कहा कि इसके अभ्यास से पूरे दिन शांति की अनुभूति होती है। एकाग्रता बढ़ती है साथ ही नकारात्मक विचारों का शमन होता है। नींद बेहतर आती है। इससे पहले लोगों ने अनुलोम विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, उज्जयी के अलावा मंडूक आसन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार आदि का विधिवत अभ्यास किया।