अंबेडकरनगर। प्रवासियों को रोजगार दिलाने के लिए शासन के निर्देश पर बुधवार को अकबरपुर विकास खण्ड कार्यालय में वृहद रोजगार मेले का आयोजन हुआ। शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि प्रवासी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण दिया जाएगा। युवा इसका लाभ उठातेे हुए आत्मनिर्भर हो सकते हैं। जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवाओं को रोजगार दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उधर मेले में ऋण के लिए 250 ने आवेदन किया।
प्रवासी मजदूरों व अन्य नागरिकों को स्वरोजगार दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री प्रवासी कल्याण रोजगार योजना का संचालन शुरू किया है। योजना के तहत रोजगार के लिए आवेदनकर्ता को रोजगार के आधार पर ऋण दिए जाने का प्राविधान है। इसी के संबंध में शासन के दिशा निर्देश पर बुधवार को अकबरपुर विकास खण्ड कार्यालय परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन हुआ।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवासियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए प्रधानमंत्री प्रवासी कल्याण रोजगार योजना के तहत आत्मनिर्भर बनने के लिए अलग अलग योजनाओं के तहत रोजगार के लिए ऋण दिया जा रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्ट अप एंड स्टैंड अप योजना, कोविड-19 इमरजेंसी क्रेडिट योजना के तहत ऋण दिया जाना है।