अंबेडकरनगर। अधिकारी अविलंब बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करें। ये निर्देश डीएम राकेश कुमार मिश्र ने शनिवार को बाढ़ प्रबंधन को लेकर कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में दिए। डीएम ने गत वर्षों में बाढ़ की स्थिति को लेकर विस्तार से जानकारी हासिल की। कहा कि आने वाले दिनों में बाढ़ से निपटने को लेकर अभी से जरूरी तैयारियां शुरू कर दी जाएं।
एसडीएम टांडा व आलापुर और अधिशाषी अभियंता सिंचाई खंड टांडा के अब तक बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण न करने पर डीएम ने नाराजगी जताई। कहा कि संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रिहर्सल किया जाए। डीएम को बताया गया कि बरसात के दौरान टांडा व आलापुर तहसील के 15 गांवों में बाढ़ की स्थिति बन जाती है। बीते साल टांडा में 600 और आलापुर में 760 परिवारों को राहत पैकेट बांटे गए थे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कर्मचारियों की तैनाती अभी से कर दें।