जलालपुर। क्षेत्र पंचायत बोर्ड, भियांव की बैठक मंगलवार को ब्लॉक परिसर में आयोजित हुई। हंगामे के बीच आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से 40 करोड़ रुपये के कार्यों के प्रस्ताव सौंपे गए। इसमें एक तरफ जहां टोंडी नाले की 16 किमी लंबाई में सफाई शामिल है, वहीं प्रमुख बाजारों में सुलभ शौचालय व यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराने का भी प्रस्ताव है।
भियांव विकास खंड के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने व विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए मंगलवार को पंचायत बोर्ड भियांव की बैठक हुई। ब्लॉक प्रमुख संगीता यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र में कार्य को लेकर बरती जा रही उपेक्षा पर नाराजगी जताई। कुछ क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने का भी आरोप लगाया। इससे कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति रही।
समझाने पर मामला शांत हो सका। ब्लॉक प्रमुख ने आश्वस्त किया कि बिना भेदभाव के विकास खंड के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कहा कि आगे भी इसी प्रकार बिना भेदभाव विकास कार्य कराया जाएगा। यदि किसी को मुश्किल हो तो समस्या दर्ज करा सकता है।
उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि बैठक में करीब 40 करोड़ रुपये के प्रस्ताव रखे गए। इसमें प्रमुख बाजार नेवादा, बंदीपुर, दुल्हूपुर व अम्मरपुर में सुलभ शौचालय व प्रतीक्षालय का निर्माण कराने का प्रस्ताव है। साथ ही टोंडी नाले की 16 किमी लंबाई में सफाई का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि प्रवीण यादव, ग्राम प्रधान पृथ्वीपाल यादव आदि लोग मौजूद रहे।