टांडा के बड़ागांव ब्राहिमपुर में आयोजित जन आरोग्य मेले में मरीजों की जांच करते चिकित्सक।
अंबेडकरनगर। जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें 1768 मरीजों का इलाज किया गया। आवश्यकतानुसार दवाएं दी गईं तो संचारी रोगों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर सुबह से मरीजों का संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। चिकित्सकों ने की टीम ने इलाज के साथ ही आवश्यकतानुसार जांच कराई। साथ ही दवाएं भी उन्हें उपलब्ध कराई गई। नोडल प्रभारी डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि मरीजों के इलाज के लिए 65 चिकित्सक व 145 पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई थी।
जिन मरीजों का इलाज हुआ उसमें गैस्ट्रो के 35, बुखार के 65, शुगर के 28, ब्लड प्रेशर के 42 मरीज शामिल रहे। इस दौरान 23 लोगों के नेत्र का भी परीक्षण किया गया। इस बीच अस्पतालोंं में आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक भी किया गया। कहा गया कि साफ-सफाई के आधार पर संचारी रोगों पर पूरी तरह से अंकुश पाया जा सकता है। घर के इर्दगिर्द गंदगी न होने दें। कहीं भी गंदा पानी न एकत्र होने दें। समय-समय पर चूने व एंटीलार्वा का छिड़काव कराते रहें। जागरूकता के आधार पर ही एक स्वस्थ व स्वच्छ समाज की कल्पना की जा सकती है।