जिला फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस क्रम में शनिवार को रेड मऊ व मांझी स्पोर्टिंग क्लब वाराणसी के बीच मैच हुआ।
शुरूआत से ही रेड मऊ की टीम वाराणसी पर हावी रही। मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही रेड मऊ की तरफ से मोहम्मद आरिफ ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। पहला हाफ समाप्त होने में दस मिनट का समय शेष था कि रेड मऊ के मोहम्मद अम्मार ने दूसरा गोल कर मैच पर मजबूत पकड़ बना लिया।
दूसरे हाफ की शुरूआत में वाराणसी के खिलाड़ी कई बार फुटबॉल लेकर रेड मऊ के डी तक पहुंचे, लेकिन गोल नहीं कर सके। दूसरे हाफ के अंतिम क्षण में मोहम्मद आरिफ ने एक और गोल कर टीम को मैच में 3-0 से बढ़त दिला दी।
इससे पहले मैच का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विनय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। एसोसिएशन संरक्षक व पूर्व विधायक पवन पांडेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान समिति अध्यक्ष अरशद खान, प्रभात यादव, नफादीन, दयाशंकर पांडेय, नाजिम हुसैन, प्रदीप यादव आदि मौजूद रहे।