अंबेडकरनगर। लोकतंत्र की मजबूती तय करने के लिए दसवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय एकलव्य खेल स्टेडियम में 35 विद्यालयों के 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं जुटे। इन सभी ने अधिकारियों की मौजूदगी में मानव श्रृंखला के जरिए भारत का नक्शा बनाया। साथ ही शत-प्रतिशत मतदान की शपथ ली। कहा गया कि शतप्रतिशत मतदान से ही एक मजबूत लोकतंत्र की स्थापना हो सकेगी। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी मतदाता दिवस पर विविध आयोजन हुए, जहां तमाम विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली के जरिए व वहीं बूथों पर भी आयोजन कर शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया गया।
राजकीय खेल स्टेडियम अकबरपुर शनिवार को बड़े आयोजन का गवाह बना। कई दिनों से की जा रही तैयारियों ने शनिवार को यहां विशेेष माहौल तैयार करने में प्रभावी भूमिका निभाई। सुबह से ही खेल स्टेडियम में गहमागहमी का माहौल था। दरअसल राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर यह परिसर बड़े आयोजन के लिए तैयार हो रहा था। अलग-अलग क्षेत्र में स्थित 35 विद्यालयों के लगभग दस हजार छात्र-छात्राएं यहां सुबह दस बजे के पहले पहुंच चुके थे। बाद में इन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों व गणमान्य नागरिकों आदि की मौजूदगी में मानव श्रृंखला के तौर पर भारत का नक्शा बनाया। छात्र-छात्राओं के अलावा परिसर में मौजूद सभी लोगों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि वर्ष 2020 में यह विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का एक विशिष्ट समारोह है। निर्वाचन आयोग के जहां 70 वर्ष पूरे हुए हैं, वहीं मतदाता दिवस के भी दस वर्ष पूरे हो चुके हैं। कहा कि लोकतंत्र में आस्था रखने वालों को लोकतंत्र की मर्यादा रखते हुए बढ़ चढ़कर मतदान करना चाहिए। न सिर्फ खुद मतदान करें, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। एडीएम पंकज वर्मा ने कहा कि मतदान एक प्रकार का दान है। ऐसे में दान की गई वस्तु को बेचा नहीं जा सकता है। ऐसे में सभी को चाहिए कि बगैर किसी प्रलोभन व भय के बढ़ चढ़कर मताधिकार का प्रयोग करें। जब तक शत प्रतिशत मतदान नहीं होगा, तब तक योग्य जनप्रतिनिधि का चुनाव नहीं हो सकेगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों के 35 विद्यालयों से आए 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर भारत का नक्शा बनाया। साथ ही शपथ लिया कि न सिर्फ वे खुद मतदान में बढ़ चढ़कर भागीदारी करेंगे, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
इससे पहले छात्र-छात्राओं ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति की। इस दौरान सीडीओ अनूप कुमार श्रीवास्तव, डीडीओ वीरेंद्र सिंह, डीआईओएस विनोद सिंह, बीएसए अतुल कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी नीरज मिश्र, डीएसओ राकेश कुमार, एसडीएम सदर अभिषेक पाठक आदि मौजूद रहे।
अकबरपुर नगर स्थित रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य शेफाली सिंह ने छात्राओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। मेंहदी, रंगोली व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ। गंगा यात्रा कार्यक्रम के तत्वावधान में पदयात्रा भी निकाली गई। इस मौके पर डॉ. अरविंद कुमार व डॉ. सुधा आदि मौजूद रहीं। बिंदेश्वरी पीजी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरूकता रैली को रवाना किया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में मतदाता जागरूकता संबंधी पोस्टर बैनर लेकर चनहा चौराहा तक भ्रमण किया। इस मौके पर प्रवक्ता डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. निशांत विमल, आकाश आदि मौजूद रहे। जहांगीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार फतेह मोहम्मद मेमोरिएल इंटर कॉलेज में गोष्ठी का आयोजन कर मतदाता जागरूकता के बारे में छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। प्रबंधक मोहम्मद हारून अंसारी बतौर मुख्य शामिल हुए। इस मौके पर दिवाकर ओझा, हयात मोहम्मद व बल्लू आदि मौजूद रहे।
राजेसुल्तानपुर प्रतिनिधि के अनुसार लल्लनजी ब्रम्हचारी महाविद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र नाथ ने मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली बाजार के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। प्रधानाचार्य कप्तान सिंह एवं थानाध्यक्ष रामलखन पटेल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। इस मौके पर उदयराज मिश्र, हरिप्रसाद यादव व एसआई शराफ हुसैन आदि मौजूद रहे। कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार दशरथ वर्मा महाविद्यालय में एनएसएस शिविरार्थियों ने रैली निकाल कर लोगों को मतदाता जागरूकता के बारे में जानकारी दी। लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह्वान हुआ। इस मौके पर प्रबंधक शेष कुमार वर्मा व डॉ. नीलम वर्मा मौजूद रहे। कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गद्दोपुर में मतदाता जागरूकता रैली निकली गई। प्राचार्य डॉ. अंजू पांडेय ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली हरदासपुर, बैरीपुर से होकर तेजापुर गई।
मुख्य नियंता डॉ. राकेश वर्मा ने मतदाता बनने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर डॉ. वीरेंद्र पांडेय, डॉ. सुभाष वर्मा, डॉ. संगीता पटेल, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. किरन वर्मा, संगीता पांडेय, डॉ. राहुल यादव, अशोक कुमार सिंह, अरुण कुमार गुप्ता, सूर्य प्रकाश पांडेय, डॉ. रीना चौरसिया व मनोज गिरि आदि मौजूद रहे। राजेसुल्तानपुर प्रतिनिधि के अनुसार आलापुर तहसील क्षेत्र के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज राजेसुल्तानपुर में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन हुआ। प्रबंधक इंजीनियर सुरेंद्रनाथ सिंह, प्रधानाचार्य कप्तान सिंह तथा थाना प्रभारी रामलखन पटेल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखा कर रैली को रवाना किया। जनपदीय लिट्रेसी क्लब के जिला समन्वयक राजेश मिश्र व उदयराज मिश्र ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर प्रवक्ता हरिप्रसाद यादव, विनोद कुमार सिंह, संतोष सिंह, राणा प्रताप सिंह, अमरनाथ पांडेय व अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।