गौरतलब है कि बेवाना थाना क्षेत्र अन्तर्गत मनोज श्रीवास्तव उर्फ कालिया की तलाश पुलिस जिला मुख्यालय पर हुई साढ़े 37 लाख की लूट मामले में पिछले कई दिनों से कर रही है।
पुलिस के मुताबिक लूट मामले का यही मास्टर माइंड है और लूट की रकम भी यही लेकर भागा था। उसकी तलाश में पुलिस कई जगह छापेमारी करती चली आ रही है। इस बीच एक दिन पूर्व शनिवार को वह जौनपुर की एक अदालत में सरेंडर कर जेल चला गया। बताया जाता है कि वहां वर्ष 2005 में हुई लूट के एक मामले में वह निरुद्ध था।
इसी मामले में जारी वारंट के मद्देनजर उसने एक दिन पूर्व कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इससे जनपद पुलिस के प्रयासों को खासा धक्का लगा है। दरअसल जिले के विभिन्न थानों की पुलिस उसकी तलाश में लगातार लगी हुई थी।
इसके बाद भी वह पुलिस को धता बताते हुए जौनपुर में आत्मसमर्पण करने में सफल रहा। अपर पुलिस अधीक्षक राहुल राज ने बताया कि उसके आत्मसमर्पण करने की सूचना प्राप्त हुई है।