अंबेडकरनगर। विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को बिना मास्क के घूमने व सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वाले 320 लोगों का 32 हजार रुपये का चालान काटा। इसके अलावा अकबरपुर कोतवाली पुलिस टीम ने धोखाधड़ी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। जलालपुर पुलिस टीम ने अवैध शराब के साथ एक को गिरफ्तार किया तो मालीपुर पुलिस टीम ने मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस टीम ने यातायात नियमों की अनदेखी में 18 वाहन चालकों पर 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। 25 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार को जिले में विशेष अभियान अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना मास्क के घूमते मिले व सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वाले 320 नागरिकों पर कार्रवाई की गई। टीम ने 32 हजार रुपये का चालान काटा। अभियान के दौरान अकबरपुर कोतवाली पुलिस टीम ने मिश्रीलाल निवासी प्यारेलाल निवासी टांडा को गिरफ्तार कर लिया। वह धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित चल रहा था। जलालपुर पुलिस टीम ने अभियुक्त पप्पू निवासी कस्बा जलालपुर को 20 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बाद में उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया। इसके अलावा मालीपुर पुलिस ने अवनीश तिवारी उर्फ सोनू निवासी नसीरपुर कैथी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। एएसपी ने बताया कि बुधवार को 634 वाहनों को चेक किया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 18 वाहनों पर 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। विभिन्न मामलों में 25 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया। (संवाद)