जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। एक व्यवसायी व उनके प्रतिष्ठान की रेकी कर रहे दो बदमाशों को बाजारवासियों ने घेरकर दबोच लिया। उनके पास से दो पिस्टल बरामद हुईं। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बाजारवासियों ने बताया कि जहांगीरगंज बाजार में चार दिन से बाइक सवार दो युवक व्यवसायी भाजपा नेता व व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेशचंद्र गुप्त के व्यवसायिक प्रतिष्ठान व सिंहपुर स्थित टोस्ट फैक्ट्री के साथ ही डिलीवरी वाहनों की लगातार रेकी कर रहे थे। बदमाशों की संदिग्ध गतिविधियों के चलते व्यवसायी तथा उनके कर्मचारियों को शक हुआ तो उन्होंने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी।
बताया जाता है कि शनिवार सुबह सामान लेकर निकली व्यवसायी की पिकअप का पीछा करते हुए दोनों बाइक सवार युवक बाजार पहुंच गए। इसी बीच पिकअप रुकी तो दोनों बदमाश दूसरी तरफ चले गए। इसके बाद व्यवसायी व उनके कर्मचारी बाजारवासियों के साथ संदिग्ध बदमाशों की खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान दोनों नई बाजार जाने वाली गली में मिले। बाजारवासियों ने दोनों को दौड़ा लिया।
एक को बाइक समेत वहीं दबोच लिया, जबकि दूसरा बदमाश भागने लगा। हालांकि दलित बस्ती के निकट उसे भी घेरकर पकड़ लिया गया। उनके पास से दो पिस्टल बरामद हुईं। आरोपियों ने बाइक की नंबर प्लेट निकाल कर डिग्गी में रख ली थी।
थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर, बाजारवासियों का मानना है कि बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।