अंबेडकरनगर। एक नवंबर से होने वाली धान खरीद की तैयारियों को परखने के लिए मंगलवार शाम डीएम अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। इस दौरान मंडी सचिव की अनुपस्थिति पर डीएम नाराजगी जताई और उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि किसानों को स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए कि क्रय केंद्रों पर अधिकतम 17 प्रतिशत नमी वाला धान ही खरीदा जाएगा। एक नवंबर से पहले सभी क्रय केंद्रों पर नमी मापक यंत्र, डस्टर, ई-पॉस मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। टांडा क्षेत्र में धान की अधिक उत्पादकता को देखते हुए वहां अतिरिक्त क्रय केंद्र खोले जाएं। एडीएम न्यायिक रंजीत सिंह, एआर कोऑपरेटिव राघवेंद्र प्रताप शुक्ला समेत क्रय एजेंसियों के जिला प्रभारी और केंद्र प्रभारी शामिल हुए।
बॉक्स
1190 किसानों ने कराया पंजीकरण
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 90 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें विपणन शाखा के 30, पीसीएफ के 33, पीसीयू के 16, यूपीएसएस के 07, मण्डी समिति और भारतीय खाद्य निगम के दो-दो केंद्र शामिल हैं। अब तक 1190 किसानों द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा चुका है।