जानकारी के मुताबिक नवा नगर गांव निवासी मखंचू (21) पुत्र त्रिलोकी व लल्लू (19) पुत्र इंद्रजीत मंगलवार शाम ताड़ी पीने के लिए एक साथ थाना क्षेत्र के उसरहा गांव के लिए निकले थे। देर शाम वापस दोनों अपने अपने घर पहुंचे तो अचानक मखंचू बेहोश होकर गिर पड़ा।
इससे परिवारीजनों में हड़कंप मच गया। जब तक परिवारीजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी करते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवारीजनों में रोना पीटना मच गया। एक स्थानीय चिकित्सक को बुलाया गया जिसने उसकी मौत हो जाने की पुष्टि कर दी।
यह जानकारी होने पर इर्दगिर्द के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। इस बीच ग्रामीणों ने उसके साथ गये लल्लू की खोज शुरू की तो वह भी कुछ दूर पर एक झाड़ी में बेहोशी की हालत में मिला। एम्बुलेंस बुलवाने या पुलिस को सूचना देने की बजाय उसे किसी निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
परिवारीजनों ने इस संदर्भ में पुलिस में कोई शिकायत भी देर शाम तक नही की है। दोनों परिवारों की आर्थिक दशा भी काफी कमजोर बताई जाती है। एसओ जलालपुर एनके पांडेय ने बताया कि परिवारीजनों की तरफ से कोई सूचना न मिलने के बाद भी परिजन से वार्ता की गई तो उन्होंने मखंचू की मौत यूं ही हो जाना बताया है।
आगे कोई शिकायत आई तो उसका संज्ञान लिया जायेगा। जिला आबकारी अधिकारी राजकुमार के मुताबिक उसरहा गांव में ताड़ी की आधिकारिक दुकान है ही नही। उन्हें ताड़ी पीने आदि से किसी की मौत की जानकारी भी नही है।