अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के लिए शुक्रवार से चार दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़े का आयोजन किया गया है। जिसमें पहले चरण में 27 नवंबर तक लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में चिह्नित लोगों नसबंदी की जाएगी।
इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आशा बहू गांवों में लोगों जागरूक कर रही हैं, जिससे अधिक से अधिक पुरुष अपनी भागीदारी कर सकें। इस बार 30 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य है। सीएमओ डाॅ. संजय कुमार शैवाल बताया कि बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है। जिसमें गांव में आशा बहू पुरुषों को परिवार नियोजन के महत्व व फायदे से अवगत कराकर परिवार नियोजन के लिए पुरुष नसबंदी कराने के लिए प्रेरित करेंगी। परिवार नियोजन के कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सालिकराम पासवान ने बताया कि नसंबदी पखवाड़े का थीम स्वस्थ्य एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से ही होगा यह सपना साकार रखा गया है। पखवाड़ा का उद्देश्य पुरुष नसबंदी के संबंध में समाज में जागरूकता लाना एवं जनसंख्या स्थिरीकरण में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाना हैं। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी को प्रोत्साहन देने के लिए व्यक्ति को तीन हजार रुपये और प्रेरक को तीन सौ रुपये की राशि दी जाती है।