कड़ी सख्ती के बीच मंगलवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा हुई। दो दिन पूर्व लापरवाही में कई मजिस्ट्रेटों पर हुई कार्रवाई के बाद जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपने सामने पर्चा खुलवाया, तो डीएम विवेक ने भी कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने नकलविहीन परीक्षा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। नकल रोकने को लेकर जिला प्रशासन के सक्रिय होने से मंगलवार को नकल माफिया में हड़कंप रहा। प्रथम पाली में हाईस्कूल गणित तथा द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र व तर्कशास्त्र प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा सख्ती के बीच हुई। हालांकि मंगलवार को भी कई केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों के न पहुंचने की शिकायत सामने आती रही।
गौरतलब है कि परीक्षा में तमाम दिशा निर्देशों के बाद भी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा सख्ती नहीं की गई थी। इसके अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेटों में कई ऐसे भी थे, जो केंद्र तक नहीं पहुंच सके। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम विवेक ने कई अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के लिए कड़े निर्देश दिए थे। परीक्षा पर कड़ी नजर रखने के लिए डीआईओएस कार्यालय के अलावा कलक्ट्रेट में भी कंट्रोल रूम की स्थापना की गई। डीएम के सख्ती का प्रभाव मंगलवार को दिखाई दिया। मंगलवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा हुई। प्रमुख परीक्षा होने के चलते सभी 181 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू हुई, तो जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने केंद्रों पर अपने समक्ष पर्चा खुलवाया। डीएम विवेक ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया।