अंबेडकरनगर। प्रदेश के टॉप टेन माफिया सूची में शामिल होते ही पूर्व ब्लाक प्रमुख माफिया सरगना अजय सिंह सिपाही ने अयोध्या जनपद में विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसके खिलाफ वारंट निर्गत हुआ था। पहले से ही प्रदेश के टॉप टेन बदमाशों की सूची में शामिल था। बीते दिनों पुलिस ने उसे जनपद कोर्ट में पेशी के दौरान पकड़ने की कोशिश की थी लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
महरुआ थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गांव निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख कटेहरी अजय सिंह सिपाही को लेकर जनपद पुलिस की लापरवाही पर बीते दिनों यहां आए आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने कड़ी फटकार लगाई थी। इसमें अधिकारियों से लेकर थाना प्रभारियों तक परेशान हो गए थे। इसके बाद ही अजय की गिरफ्तारी को लेकर घेराबंदी शुरू की गई थी। उसके विरुद्ध अयोध्या की एक कोर्ट से वारंट निर्गत था। इसे लेकर ही उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सौ से अधिक सिपाही जनपद न्यायालय के निकट बीते दिनों लगाए थे लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था।
इस बीच गत दिवस प्रदेश सरकार ने अजय सिपाही को प्रदेश के टॉप टेन माफियाओं की सूची में शामिल कर दिया था। जनपद पुलिस के रिकाॅर्ड उसका माफिया गैंग भी पंजीकृत चला आ रहा है। खुद पर शिकंजा कसते देख माफिया अजय ने बुधवार को अयोध्या पहुंचकर विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कुल 28 मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस के अनुसार माफिया अजय सिपाही के खिलाफ महरुआ व अहिरौली थाने समेत गैर जनपदों के थानों में कुल 28 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, धमकी, फिरौती व जानलेवा हमले समेत कई अन्य गंभीर मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अजय सिपाही के विरुद्ध अहिरौली थाने में 2017 में दर्ज एक मुकदमे में वारंट जारी था जिसे लेकर पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। जनपद पुलिस का दावा किया कि गिरफ्तारी के लिए लगातार पड़ रहे छापों के चलते अजय सिपाही ने कोर्ट में सरेंडर किया है।