अंबेडकरनगर। कॉलेज के एमडी से 70 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में सोमवार को अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने माफिया सरगना के सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को इस मामले में अभी अयोध्या जनपद निवासी माफिया की तलाश है।
बीते दिनों दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार अयोध्या जनपद के गोसाईगंज निवासी माफिया दिलीप वर्मा ने जिले के अशोक स्मारक इंस्टीट्यूट के एमडी अभिनव वर्मा को सात अक्तूबर को फोन पर धमकी देकर 70 लाख रुपये उसके कारोबार में निवेश करने या 60 लाख रुपये नकद पहुंचाने को कहा। इसके बाद अभिनव ने 11 अक्तूबर को अकबरपुर कोतवाली में माफिया दिलीप वर्मा और उसके गुर्गे नितिन के खिलाफ केस दर्ज कराया। सीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही, लेकिन दोनों पुलिस की हत्थे नहीं चढ़ रहे थे। इसके बाद रंगदारी मांगने वाले नंबर को ट्रेस किया जाने लगा। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि जिस नंबर से स्कूल के एमडी को धमकी दी गई थी। उसका लोकेशन अकबरपुर बिजली घर के पास है। पुलिस व सर्विलांस टीम ने दबिश देकर आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया।