भीटी। भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को भीटी सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चार ग्रामीण को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मामला भीटी थाना क्षेत्र के अढनपुर गांव का है। गांव निवासी हितलाल व राजमणि का एक भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी को लेकर दोनों पक्ष बुधवार शाम आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट की।
राजमणि पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग उक्त भूखंड पर कब्जा कर रहे थे। विरोध करने पर विपक्षी गाली गलौज करते हुए उसकी पत्नी व गर्भवती बहू को मारा पीटा। उधर, दूसरे पक्ष के हितलाल का आरोप है कि विपक्षियों द्वारा भूखंड पर कब्जा किया जा रहा था। विरोध पर ओमप्रकाश व जयप्रकाश ने हंसिया व कुल्हाड़ी में उसे तथा पत्नी, भाई तथा पुत्र को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया गया। मारपीट में छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भीटी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन कराई जा रही है।