अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बहोरिकपुर गांव में एक युवक को बंधक बनाकर पीटे जाने का मामला सामने आया है। पिटाई के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने संबंधित युवक को पेड़ से बांध दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बचाया और थाने ले आई। मामले में 11 लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया। सात को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बहोरिकपुर दलित बस्ती में बुधवार रात उस समय हंगामा मच गया, जब ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के ही एक व्यक्ति अनिल कुमार श्रीवास्तव को पीटना शुरू कर दिया। कोतवाली में दी तहरीर में अनिल ने बताया कि वह बुधवार देरशाम गांव निवासी छग्गू के घर के सामने खड़ा था। वहां जल निकासी की नाली को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है। वह छग्गू के बेटे को समझा बुझा रहा था इसी बीच गांव के कई लोग गोलबंद हो कर पहुंचे और घेर कर पिटाई करने लगे।
वे सब लाठी डंडा तथा धारदार हथियार लिए थे। गोलबंद लोगों ने पहले उसकी पिटाई कर बुरी तरह घायल कर दिया, फिर उसे एक पेड़ में बांध दिया। पेड़ में बांधकर भी पिटाई की गई। इसी बीच जानकारी मिलते ही अनिल के भाई अतुल ने पुलिस को सूचना दी। डायल 100 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसे छुड़ाकर कोतवाली ले गई। बाद में प्राथमिक उपचार कराया गया। मामले का एक वीडियो भी वायरल हो गया। इस बीच एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने मामले में कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 11 आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज कर लिया।
उधर दूसरे पक्ष के कई लोगों ने संयुक्त रूप से कोतवाली में तहरीर देकर अनिल पर केस दर्ज करने की मांग की है। आरोप लगाया है कि वह अनुचित हरकत के लिए गांव में पहुंचा था। इससे मना किए जाने पर उसने अपने भाई व एक अन्य के साथ मिलकर कई लोगों को मारापीटा और कट्टे से फायर भी किया, जिसमें लोग बाल बाल बच गए। कोतवाल नीरज सिंह ने बताया कि पिटाई के एक मामले में 11 आरोपियों पर केस दर्ज कर इनमें से सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे पक्ष की कोई तहरीर नहीं मिली है।