अंबेडकरनगर। लखनऊ मंडल के जौनपुर जंक्शन स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य (यार्ड रीमॉडलिंग) के कारण बुधवार को दो ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। अकबरपुर स्टेशन से होकर गुजरने वाली लखनऊ-वाराणसी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन (04217 और 04218) निरस्त रही, जिसके कारण लखनऊ और वाराणसी जाने वाले यात्रियों को परेशानी से गुजरना पड़ा।
इसके अलावा ट्रेन नंबर 14213, 14214, 13010, 15744, 15743, 15636, 15934 व 14017 का रूट डायवर्ट रहा। जिसके कारण स्टेशन के पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की भीड़ रही। यात्री केंद्र पर ट्रेनों की जानकारी लेते दिखे। ट्रेनों के न आने के कारण रोडवेज की ओर भीड़ रही और यात्रियों को बसों से सफर करना पड़ा। जिसकी वजह से बसों में भीड़ गई। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि काम के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। जल्द ही यात्रियों को राहत मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को केंद्र पर जानकारी दी जा रही है। जिससे किसी को कोई असुविधा न हो।
बढ़े यात्री तो बसों के बढ़ेंगे फेरे
ट्रेन निरस्त व मार्ग परिवर्तित होने के बाद अब यात्रियों की बढ़ी मुश्किल को परिवहन विभाग कर करेगा। इसके लिए वह रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। एआरएम कुंवर हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ेगी तो दिल्ली ,लखनऊ, कानपुर वाराणसी, आजमगढ़, मऊ, अयोध्या, प्रयागराज, सुल्तानपुर रूट पर बसों के फेरे बढ़ा दिए जाएंगे। जिससे किसी यात्री को असुविधा न हो।