अंबेडकरनगर। इस बार कटेहरी विधान सभा क्षेत्र में बूथों पर लगने वाली ईवीएम मेें कमल का फूल चुनाव निशान मतदाताओं को नजर नहीं आएगा। इस सीट पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार निषाद पार्टी के चुनाव निशान पर मैदान में हैं। इस सीट पर बीजेपी ने अपने सिंबल पर प्रत्याशी नहीं उतारा है।
वरिष्ठ बीजेपी नेता अवधेश द्विवेदी पार्टी के सहयोगी दल निषाद पार्टी के कोटे से गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। उनका पर्चा भी निषाद पार्टी से ही वैध पाया गया है। ऐसे में उन्हें भोजन थाल चुनाव निशान मिलना लगभग तय हो गया है। अवधेश और उनके समर्थकों ने इस चुनाव निशान का प्रचार भी शुरू कर दिया है। कमल का फूल चुनाव निशान न होने से भाजपा के परंपरागत मतदाताओं को कोई भ्रम न हो इसके लिए तमाम नारे और स्लोगन गढे़ जा रहे हैं। पूरी कोशिश की जा रही है कि भोजन भरी थाली को कमल से जोड़ा जा सके।
दरअसल ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं के बीच कमल चुनाव निशान की पहचान ज्यादा है। जबकि भोजन भरी थाली की स्वीकार्यता बनाने को लेकर कड़े परिश्रम की चुनौती है। इन सबको लेकर भाजपा समर्थित निषाद पार्टी प्रत्याशी अवधेश द्विवेदी कहते हैं कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं यह पूरा क्षेत्र जानता है। निषाद पार्टी भी बीजेपी की सहयोगी पार्टी है। चुनाव मुझे जनता लड़ा रही है। सबको पता है कि कहां वोट देना है।