जिला अस्पताल के दवा काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़।
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। पर्चा बनवाने से लेकर चिकित्सक को दिखाने तक लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा मशक्कत तो लोगों को दवा लेने में करनी पड़ी। दवा काउंटर पर लोगों की लंबी कतार रही। इस दौरान भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा में लगे जवानों को आगे आना पड़ा। अधिकतर रोगी सर्दी से पीड़ित मिले।
बलईपुर की सोनापति ने बताया कि उन्हें मौसम में हुए बदलाव के बाद से लगातार सीने में दर्द में दर्द हो रहा है। डॉक्टर को दिखाने आई थी, उन्होंने जरूरी दवा देकर ठंड से बचने की सलाह दी है। मालीपुर की प्रेमादेवी सुबह नौ बजे ही अस्पताल पहुंच गई थी। इन्हें बीपी की शिकायत थी। चिकित्सक ने दवा देकर सर्दी से बचने के लिए कहा। आजमगढ़ जिले के रहने वाले बुजुर्ग विशेषर तिवारी को ठंड की वजह से गले में संक्रमण हो गया था। चिकित्सक ने ठंड से बचने के साथ ही खानपान का भी ख्याल रखने के लिए कहा।
ठंड में बरतें एहतियात
मौसम में हो रहे बदलाव से अस्पताल में मरीज बढ़ रहें हैं। ठंड में लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। इस समय बीपी, सीने में दर्द आदि के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। ठंड में अनावश्यक न निकलें व बुजुर्गों की बेहतर देखभाल करें। -
डाॅ. ओमप्रकाश, सीएमएस जिला अस्पताल