अंबेडकरनगर। कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए घोषित 55 घंटे के लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को बाजार सन्नाटे में डूबी रहीं तो सड़कें सूनी रहीं। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए जिला मुख्यालय से लेकर अन्य नगरीय क्षेत्रों में जगह जगह पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। बगैर मास्क के निकलने वालों पर कार्रवाई भी इस दौरान की गई। जिले के प्रमुख मार्गों पर लगे बैरियर पर पहुंचकर डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक कुमार प्रियदर्शी ने वहां तैनात पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। कहा कि यदि कहीं कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करता मिले, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि प्रदेश में लगातार बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रत्येक सप्ताह के शनिवार व रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन घोषित कर रखा है। इसी क्रम में 55 घंटे के घोषित संपूर्ण लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बाजारें पूरी तरह सन्नाटे में डूबी रहीं। सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। सिर्फ किराना, सब्जी व मेडिकल स्टोर की दुकानें ही खुलीं। जरूरी सामानों की खरीददारी के लिए इक्का-दुक्का लोग पहुंचे, लेकिन न सिर्फ उन्होंने मास्क लगा रखा था, बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया।
लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने को लेकर जगह जगह तैनात पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी का ही नतीजा रहा कि शनिवार को सड़कें भी लगभग पूरी तरह सूनी ही रहीं। जो भी इक्का-दुक्का वाहन सड़क पर उतरे भी, तो उनकी भी पुलिस कर्मियों ने सघन पूछताछ की।
लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने को लेकर पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यदि कहीं कोई बगैर मास्क के नजर आया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। साथ ही चेतावनी भी दी गई कि यदि दोबारा बगैर मास्क के नजर आए तो एफआईआर दर्ज कराया जाएगा।
55 घंटे के संपूर्ण लॉकडाउन के चलते जिला अस्पताल में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या भी बहुत कम रही। ज्यादातर समय जिला अस्पताल सन्नाटे में डूबा रहा। इक्का-दुक्का मरीज ही इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उनका इलाज किया। साथ ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान भी किया। उधर, संपूर्ण लॉकडाउन का असर शनिवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिला। सामान्य दिनों में जहां रेलवे टिकट आरक्षण के लिए नागरिकों की लंबी लाइन लगी रहती थी, वहीं शनिवार को लाइन पूरी तरह नदारद रही। आमतौर पर आरक्षण खिड़की के सामने सन्नाटा रहा।
जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने शनिवार को जिला मुख्यालय व इर्दगिर्द के प्रमुख मार्गों पर लगे बैरियर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही पुलिस कर्मियों को लॉकडाउन का शत-प्रतिशत पालन कराने का निर्देश दिया। कहा गया कि यदि कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करता मिले, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। बगैर मास्क के बाहर निकलने वालों से सख्ती से निपटा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।