अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए घोषित 55 घंटे के लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को भी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। लॉकडाउन का शत-प्रतिशत पालन कराने के लिए पुलिस द्वारा जगह जगह सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
प्रमुख मार्गों पर लगे जगह जगह बैरीकेडिंग पर तैनात पुलिसकर्मी सिर्फ उन्हीं को आगे बढने दे रहे थे, जिनके पास बाहर निकलने के ठोस कारण थे। बगैर मास्क के निकलने वालों पर पुलिस का तगड़ा चाबुक चला। उधर, डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी भी लगातार भ्रमण कर पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश देते रहे।
कोरोना वॉयरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रदेश में प्रत्येक सप्ताह के शनिवार व रविवार को 55 घंट का संपूर्ण लॉकडाउन घोषित है। शनिवार को पहले दिन जहां लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया गया, वहीं रविवार को भी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।
जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में पुलिस लगातार भ्रमण करती रही। इससे न सिर्फ बाजारें पूरी तरह सन्नाटे में डूबी रहीं, बल्कि प्रमुख मार्गों पर भी सन्नाटा फैला हुआ था। इक्कादुक्का वाहन ही कभी कभार सड़क पर दौड़ते नजर आए। सिर्फ किराना, मेडिकल स्टोर व सब्जी की दुकाने खुली हुई थीं। इन दुकानों पर खरीददारों की अधिक भीड़ नजर नहीं आई। इक्का-दुक्का ही जरूरी खरीददारी करने के लिए निकले।
वहीं, जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी लगातार भ्रमण कर पुलिस कर्मियों को लॉकडाउन का शतप्रतिशत पालन कराने का निर्देश देते रहे। कहा गया कि यदि कोई भी लॉकडाउन का उल्लंघन करता दिखे, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। निर्देशित किया गया कि बगैर मास्क के निकलने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।