फोटो 21, अंबेडकरनगर के मीरानपुर मोहल्ले में घर को कब्जे में लेने के बाद सामान बाहर निकालती पुलिस टी
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। बैंक से लिए गए ऋण को नोटिस के बावजूद जमा न करने के चलते डीएम के निर्देश पर बुधवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों ने अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित एक घर को कब्जे में ले लिया। 92 लाख के बकाए को लेकर घर को कब्जे में लेने के दौरान संबंधित क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा। कब्जे के बाद घर पर बैंक की संपत्ति होने का नोटिस लगा दिया गया।
बुधवार अपराह्न अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर तमसा मार्ग के निकट उस समय हड़कंप मच गया जब बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी राजस्व व पुलिस टीम के साथ पहुंचे। वहां स्थित चंद्रावती पत्नी रिपसूदन सिंह के घर से सामान निकालने का कार्य प्रारंभ हो गया। लगभग दो घंटे तक सामान बाहर निकालने के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों ने घर पर बैंक की संपत्ति होने का नोटिस चस्पा कर दिया। बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक मनोज कुमार व रिकवरी आफीसर्स आशुतोष सिंह ने बताया कि चंद्रावती पत्नी रिपसूदन सिंह ने बैंक ऑफ बड़ौदा से मीरानपुर स्थित मकान नंबर 1118 को बंधक बनाकर 70 लाख रुपये का ऋण लिया था। बार बार नोटिस जारी करने के बाद भी चंद्रावती द्वारा ऋण की अदायगी नहीं की गई।
इस पर 22 लाख रुपये का ब्याज भी लग गया। ऐसे में 92 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। ऋण जमा न करने के चलते ही जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर बंधक घर की कब्जेदारी की प्रक्रिया बुधवार को अपनाई गई। उधर] एलडीएम आशीष सिंह ने बताया कि बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी जब ऋण की अदायगी नहीं की गई तो डीएम के निर्देश पर घर की कब्जेदारी की कार्रवाई की गई।