कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को बच्चों को पुस्तक देकर सम्मानित करते डीएम अनुपम शुक्ला व मौजूद
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूल चलो अभियान 2026–27 का शुभारंभ शनिवार को सजीव प्रसारण के माध्यम से किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा और डीएम अनुपम शुक्ला ने बच्चों को पुस्तकें वितरित की गईं तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने हेतु प्रेरित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने अभिभावकों से बच्चों को अनिवार्य रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा, बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। डीएम अनुपम शुक्ला ने आंगनबाड़ी केंद्रों से उत्तीर्ण और छूटे हुए बच्चों का प्राथमिक विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बीएसए शैलेश कुमार पटेल ने बताया कि समग्र शिक्षा, ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 99.50 फीसदी विद्यालयों का संतृप्तीकरण किया जा चुका है। शैक्षिक सत्र 2025-26 में 1.41 लाख छात्रों को डीबीटी के माध्यम से प्रति छात्र 1200 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके अलावा 20 पीएम श्री विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में, कमजोर बच्चों के लिए उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था भी की गई है।
-
हुआ जागरूकता कार्यक्रम
हजपुरा। तजूपुर कंपोजिट विद्यालय में स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाध्यापक मोहम्मद हसनैन ने बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा का महत्व समझाया। हसनैन ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। इस दौरान पिछले वर्ष के मेधावी छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
-