अंबेकरनगर। माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। जिला स्तरीय समिति ने परीक्षा संपन्न कराए जाने के लिए 10 विद्यालयों का चयन किया है। इन विद्यालयों को कोई भी आपत्ति के लिए पांच दिसंबर तक आवेदन करना होगा। इसके बाद जांच कमेटी अंतिम मोहर लगाएगी।
जिले में 34 विद्यालयों के 2,076 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसमें पूर्व मध्यमा द्वितीय के 816, उत्तर मध्यमा प्रथम के 771 व उत्तर मध्यमा द्वितीय के 489 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। यह परीक्षा 19 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
यह परीक्षा दो पालियों में होगी और कुल नौ दिनों तक चलेंगी। पहली पाली में सुबह 08:30 से 11:45 बजे तक पूर्व मध्यमा द्वितीय व उत्तर मध्यमा प्रथम की परीक्षाएं होंगी। दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक उत्तर मध्यमा द्वितीय की परीक्षाएं होंगी। डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि इसके लिए परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर आपत्तियां मांगी गई हैं, लेकिन अभी तक कोई आपत्ति नहीं आई है।
यूपी बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर कंट्रोल रूम, कक्ष निरीक्षक समेत अन्य व्यवस्थाएं केंद्रों पर की जाएंगी। बोर्ड परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी व नकल आदि पर रोकथाम लगाने के लिए विभिन्न स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी के तहत जिला, क्षेत्रीय कार्यालय व राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
राज्य स्तर पर बने कंट्रोल रूम से सभी जिलों के परीक्षा केंद्रों की अलग-अलग निगरानी की जाएगी। मंगलवार से इन कंप्यूटर को सक्रिय कर दिया गया है। इसके लिए तैयारियों को अंितम रूप दिया जा रहा है।