राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। जल्लापुर गांव में ट्रांसफार्मर फूंकने से दो हजार की आबादी अंधेरे में रात बीताने को मजबूर है। शिकायत के बावजूद अब तक पॉवर कॉर्पोरेशन के अफसरों ने ट्रंासफार्मर को बदलवाया है। नतीजा यह है कि लोगों को न सिर्फ पेयजल के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है बल्कि खेती-किसानी के साथ-साथ बिजली से होने वाले कई अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
जहांगीरगंज कम्हरिया मार्ग स्थित जल्लापुर गांव सड़क के किनारे बिजली आपूर्ति के लिए 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इस बीच सोमवार रात ट्रांसफार्मर जर्जर होने के कारण जवाब दे गया। इससे गांव व आसपास की आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने उसी दौरान मामले से पॉवर कॉर्पोरेशन के अफसरों को अवगत करा दिया था, लेकिन दो दिन बीत जाने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर को बदला नहीं जा सका है।
नतीजा यह है कि न सिर्फ ग्रामीणों को अंधेरे में रहने को विवश होना पड़ रहा है वरन पेयजल के साथ साथ खेती किसानी का भी कार्य प्रभावित हो रहा है। गड़बड़ी दूर न होने की दशा में जल्लापुर समेत गंगासागर तथा सोलहवां की करीब दो हजार की आबादी प्रभावित है।
ग्रामीण वीरेंद्र तिवारी, रवीन्द्र यादव, राधेश्याम सिंह, सुभाष चन्द्र, राममूरत यादव व कौशिक तिवारी आदि का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गड़बड़ी की शिकायत जेई व एसडीओ से भी किया गया है, लेकिन दो दिन का समय बीत जाने के बावजूद अब तक समस्या का निस्तारण नहीं कराया जा सका है। इसी ट्रांसफार्मर से आलापुर भाजपा विधायक अनीता कमल के भी गांव में आपूर्ति होती है। इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही से उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। अवर अभियंता प्रवेश निषाद ने कहा कि मामला संज्ञान में है। ट्रांसफार्मर का एस्टीमेंट तैयार कराया जा रहा है। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।