अंबेडकरनगर। पॉवर कार्पोरेशन अधिकारियों की मनमानी ने जिला मुख्यालय के उपभोक्ताओं को बड़ी मुसीबत में डाल दिया है। रोज-रोज जिला मुख्यालय के बड़े हिस्से की आपूर्ति कनेक्शन की चेकिंग के नाम पर ठप की जा रही है। बीते दिनों लगातार दो दिन नगर के शहजादपुर में पूरे-पूरे दिन चेकिंग के नाम पर बिजली ठप कर दी गई तो मंगलवार को यही हाल मीरानपुर मोहल्ले समेत अयोध्या मार्ग पर बसे अन्य मोहल्लों का रहा। सुबह से ठप की गई बिजली अपरान्ह चार बजे के बाद बहाल की जा सकी।
इससे उपभोक्ताओं में त्राहि-त्राहि मची रही। नाराज उपभोक्ताओं का कहना था कि पूरे दिन बिजली कटौती कर सभी उपभोक्ताओं को मुश्किल में डालने की बजाए अच्छा यह होता कि अवैध कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं व बकाया वाले उपभोक्ताओं को पहले चिन्हित किया जाता फिर एक या दो घंटे बिजली कटौती कर उस अवधि में ऐसे कनेक्शन काट दिए जाते। ऐसा करने की बजाए पूरे दिन कई कई मोहल्लों में एक साथ बिजली आपूर्ति ठप करना पूरी तरह मनमाना है। उपभोक्ताओं के अनुसार यह रवैया न बदला तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री व उर्जा मंत्री से की जाएगी।
गौरतलब है कि शासन ने विद्युत बकाया वसूलने तथा लाइन लॉस कम करने का सख्त निर्देश पॉवर कार्पोरेशन अधिकारियों तथा जिला प्रशासन को दे रखा है। इसी क्रम में जिले के पॉवर कार्पोरेशन से जुड़े अधिकारी अब हरकत में हैं। विद्युत चोरी रोकने तथा बकाया वसूलने के लिए अभी तक मुख्य रूप से लाइनमैनों पर ही सभी अधिकारी आश्रित रहा करते थे। अब अवर अभियंता से लेकर एसडीओ व अधिशाषी अभियंता तक सड़कों पर दिख रहे हैं। उनकी इस सक्रियता का लाभ भी मिल रहा है। न सिर्फ बड़े पैमाने पर राजस्व की प्राप्ति हो रही है वरन बिजली चोरी के मामले भी पकड़ में आ रहे हैं।
यह बात अलग है कि इस अभियान के नाम पर पॉवर कार्पोरेशन अधिकारियों की अदूरदर्शिता व नियोजन का अभाव आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी मुसीबत का सबब बन गया है। हो यह रहा कि अभियान के नाम पर प्रतिदिन जिला मुख्यालय के कई कई मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति सुबह होते ही ठप कर दी जाती है। इसके बाद घर घर जाकर बिजली चेक करने का अभियान चलता है। जाहिर तौर पर घरों व दुकानों तक जाने, संबंधित उपभोक्ताओं से बात करने, उनके कागजात चेक करने तथा पैसे की वसूली करने या फिर कनेक्शन काट देने आदि की प्रक्रिया में लंबा समय लगता है। यह प्रक्रिया पूरे दिन चलती रहती है और संबंधित मोहल्लों में सभी उपभोक्ताओं की बिजली एक तरफ से ठप रहती है।
गत दिवस लगातार दो दिन तक शहजादपुर में कई मोहल्लों की बिजली एक साथ ठप रही तो मंगलवार को मीरानपुर, पेवाड़ा, तमसा मार्ग, बनगांव मोड़ समेत अयोध्या मार्ग क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं की आपूर्ति ठप रही। इस दौरान चेकिंग अभियान चलता रहा। पॉवर कार्पोरेशन अधिकारियों की इसी मनमानी को लेकर नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि इस मनमानी की बजाए अधिकारियों को दिन में अभियान चलाकर संबंधित उपभोक्ताओं का चिन्हीकरण करना चाहिए।
पहले से चिन्हित उपभोक्ताओं के घर या प्रतिष्ठान जाकर उन्हें चेतावनी देनी चाहिए। इसके बाद प्रतिदिन शाम तीन से पांच बजे तक आपूर्ति ठप कर बकाया जमा न करने वाले उपभोक्ताओं का कनेेक्शन काट देना चाहिए। उपभोक्ताओं के अनुसार ऐसा करने की बजाए अपरिपक्वता का परिचय विभागीय अधिकारी दे रहे हैं। अधिकारियों के इस गैर जिम्मेदाराना रवैया का खामियाजा अनावश्यक ढंग से पूरे पूरे दिन आम नागरिक भुगतते रहते हैं। नागरिकों ने कहा कि यदि इस रवैये में सुधार नहीं आया तो पत्र व सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी शिकायत मुख्यमंत्री व उर्जा मंत्री से की जाएगी।
नहीं होने दी जाएगी मुश्किल
बकाया वसूली व बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कोशिश की जाएगी कि आम उपभोक्ताओं को मुश्किल न हो। अभियान से राजस्व वसूूली में काफी वृद्धि हुई है।
- वीके पटेल, अधिशाषी अभियंता