श्रवणक्षेत्र। कटेहरी विद्युत स्टेशन कटेहरी से ग्रामीण क्षेत्र में जाने वाली क्षतिग्रस्त लाइन पांच दिन बाद दुरुस्त हो सकी। क्षतिग्रस्त विद्युत तार व पोल दुरुस्त होने के बाद रात में आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। आपूर्ति बहाल होने से 25 गांव की करीब 10 हजार की आबादी अंधेरे में रहने को विवश थे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभागीय उदासीनता के चलते इस तरह की मुश्किलें झेलनी पड़ी।
बताते चलेे कि कटेहरी बाजार में स्थित विद्युत उपकेंद्र से करीब 100 गांवों को विद्युत सप्लाई जाती है। उपकेंद्र से एक लाइन खोजापुर गांव की तरफ गई है। इस लाइन से करीब 25 गांवों को आपूर्ति होती है। खोजापुर गांव के पास रामसूरत यादव के गन्ने में पिछले पांच दिनों से खंभा व तार टूट कर गिरा था। इससे करीब 10 हजार आबादी की विद्युत आपूर्ति बाधित थी।
इसके चलते खोजापुर, उसरा, करमपुर, मौलानापुर, तिवारीपुर, उधमपुर, नरहरिया, हरबसपुर, रानीपुर, बेनीपुर, घरवासपुर, बड़ेरिया, नारायणपुर व बहोरिकपुर आदि गांवों की आपूर्ति बाधित थी। इससे ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।
बारिश के इस मौसम में विद्युत आपूर्ति न आने से ग्रामीणों को काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीण लालमणि तिवारी, रामसूरत यादव, देवमाली यादव, मुकेश यादव, गुड्डू तिवारी, संतोष तिवारी आदि लोगों ने इसे शीघ्र ठीक करवाने की मांग की थी। परन्तु विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते गड़बड़ी दूर करने में पांच दिन का समय लग गया। इस दौरान ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना। शुक्रवार देररात आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अधिशाषी अभियंता वीके पटेल ने बताया कि गड़बड़ी दूर कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।