सुलेमपुर (अंबेडकरनगर)। बकाया बिल की वसूली व अवैध कनेक्शनधारियों के विरुद्घ चल रहे पावर कॉर्पोरेशन के अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग लगातार अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन काट रहा है। साथ ही बकाए बिल की वसूली की जा रही है। बिजली विभाग की टीम ने पिछले तीन दिनों में 150 कनेक्शन काटने के साथ ही करीब सवा लाख रुपए बकाया बिल की वसूली की है।
टांडा उपकेन्द्र के जेई पवनेश कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों में 150 से अधिक उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा गया है जो बकाया नहीं जमा कर रहे हैं, या फिर चोरी छिपे बिजली का उपभोग कर रहे हैं। कहा कि जो लोग दोबारा बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग करते मिले तो केस दर्ज किया जाएगा।
बताया कि तीन दिनों में सवा लाख से अधिक का बकाया बिल भी वसूला गया है। टीम सुलेमपुर, अजमेरी बादशाहपुर, बलरामपुर, त्रिमुहानी व दौलतपुर हाजलपट्टी आदि गांवों में छापेमारी की कार्रवाई कर चुकी है। अभियान 16 सितंबर तक जारी रहेगा।