अंबेडकरनगर। पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच पटरी से उतरी बिजली आपूर्ति व्यवस्था अब भी पटरी पर नहीं लौट पाई है। जिला मुख्यालय के ज्यादातर क्षेत्रों में तो गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति काफी खराब है।
जिला मुख्यालय पर मीरानपुर मोहल्ले की लगभग 10 हजार की आबादी अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हो रही है। हालांकि नगर के अन्य क्षेत्रों की आपूर्ति गुरुवार शाम तक गड़बड़ी दूर कर बहाल कर दी गई। इस बीच ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति जस की तस बनी हुई है। टांडा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ममरेजपुर, ओदरा, पक्खनपुर, मकुंदपुर, डलहवा, किशुनपुर, डीहा सुल्तान, दाउदपुर, खानूपुर समेत दो दर्जन गांव की आपूर्ति बीते चार दिनों से केबिल जलने से ठप है। इससे लगभग 4 हजार की आबादी को विभिन्न प्रकार की मुश्किलें उठानी पड़ रही हें।
रामबाबा फीडर से जुड़े प्रतापीपुर, भगवानपट्टी, शाहपुर, मीरापट्टी, बसंतपुर, धारूपुर, छीतनपट्टी समेत चार दर्जन गांवों की विद्युत आपूर्ति फीडर में आई गड़बड़ी के चलते बीते 5 दिनों से लगभग 35 हजार की आबादी अंधेरे में है। इसके अलावा जलालपुर, भीटी, आलापुर व टांडा तहसील क्षेत्र में बारिश के चलते बेपटरी हुई विद्युत आपूर्ति का दौर गुरुवार देर शाम तक पूरी नहीं बहाल हो सका। इससे संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा।