अंबेडकरनगर। रविवार देर शाम से हो रही बारिश ने जिले की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह छिन्नभिन्न कर दी। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं रविवार देर शाम, तो कहीं आधी रात के बाद विभिन्न गड़बड़ियों के चलते आपूर्ति ठप हो गई। नतीजा यह हुआ कि लगभग दो लाख आबादी को पूरी रात अंधेरे में गुजारना पड़ा। कई जगहों पर सोमवार शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। उधर बारिश ने किसानों के चेहरे पर चमक ला दी।
बीते दो दिनों से हो रही बारिश से जिले की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बेपटरी हो गई है। कहीं जर्जर हो चुके तार टूट रहे, तो कहीं ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर फुंककर सुचारु विद्युत आपूर्ति में बाधा उत्पन्न कर रहे। रविवार को हुई बारिश से लगभग पूरी रात अकबरपुर नगर की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई।
अयोध्या मार्ग, रसूलपुर हौजपट्टी, मीरानपुर, तमसा मार्ग, पेवाड़ा, अहिराना, मुरादाबाद आदि मोहल्लोों की आपूर्ति लगभग पूरी रात प्रभावित रही। सोमवार दिन में भी बिजली का आना जाना लगा रहा। इससे लगभग 15 हजार की आबादी परेशान रही।
अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के साउथ वेस्ट फीडर में आई गड़बड़ी के चलते संबंधित फीडर से जुड़े मरथुआ सरैया, बनगांव, डिहवा, शुकलहिया, बट्टूगढ़, अशरफपुर बरवां, रतनपुर, टीकमपारा, अरियौना, जरियौना, अरजानीपुर, परमदा, लालपुर समेत लगभग तीन दर्जन गांव की आपूर्ति रविवार मध्यरात्रि करीब ठप हो गई। सोमवार शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इससे 30 हजार की आबादी को विभिन्न प्रकार की मुश्किलें उठानी पड़ी।
राजेसुल्तानपुर प्रतिनिधि के अनुसार रामनगर विद्युत उपकेंद्र के जहांगीरगंज फीडर में रविवार देर शाम बारिश के बीच गड़बड़ी आ गई। इससे संबंधित फीडर से जुड़े जहांगीरगंज, आदमपुर, एनवां, उमरीजलाल, जोलहापुर, गंगासागर, मूसेपुर, बंगालपुर, नसीरपुर छितौना, केदरूपुर, कियामपुर, सरजूनगर, नरवां पीतांबरपुर, कम्हरिया, चांड़ीपुर, कबूलपुर समेत लगभग 6 दर्जन से अधिक गांव की आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार शाम तब गड़बड़ी नहीं दूर की जा सकी थी। इससें लगभग 60 हजार की आबादी प्रभावित हुई।
विद्युतनगर प्रतिनिधि के अनुसार टांडा के 132 सब स्टेशन के निकट मुख्य लाइन का तार रविवार रात हुई बारिश के दौरान टूट गया। इससे अलीगंज फीडर से जुड़े लगभग डेढ़ दर्जन मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई। इससे लगभग 50 हजार की आबादी को पूरी रात अंधेरे में गुजारना पड़ा। भीटी समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई।
बीते दो दिनों से हो रही बारिश ने फसलों को लेकर चिंता में डूबे किसानों के चेहरे पर चमक ला दी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धान की रोपाई का काम तेज हो गया है। अकबरपुर के किसान संग्राम व बृजेश ने कहा कि यदि इसी प्रकार से बारिश का सिलसिला आगे भी चलता रहे, तो धान की रोपाई का काम पूरा हो जाएगा। साथ ही रुक रुककर बारिश होने से बार बार सिंचाई भी नहीं करनी पड़ेगी। भीटी के किसान रामबख्श सिंह ने कहा कि समय पर बारिश न होने से रोपाई के कार्य में विलंब जरूर हुआ है, लेकिन यदि इसी प्रकार से बारिश होती रहे, तो इससे धान की फसल को लाभ मिलेगा।
बारिश के चलते जिला मुख्यालय पर हर जगह जलभराव की समस्या देखने का मिली। अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से नाले का गंदा पानी पटरियों से होता हुआ सड़क पर बहने लगा। इससे लोगों को आवागमन में विभिन्न प्रकार की मुश्किलें उठानी पड़ी। कृषि भवन, कलेक्ट्रेट के निकट, बस स्टेशन क्षेत्र, अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र, सब्जी मंडी, शहजादपुर चौक समेत अन्य क्षेत्रों में भी नाले नाली का गंदा पानी जगह जगह एकत्र रहा। स्थानीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि नाले व नाली की समुचित साफ-सफाई की जाती, तो इस प्रकार की मुश्किलों का सामना न करना पड़ता।