अंबेडकरनगर। अकबरपुर के खपुरा बाजार में रविवार शाम मुकदमे की पैरवी की रंजिश में जनपद न्यायालय के अधिवक्ता अवधेश पांडेय पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने उनकी बाइक रोककर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। हमले में उनका दायां जबड़ा और दांत टूट गया। सिर, मुंह और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मालीपुर के सैदपुर उमरन निवासी संतोष कुमार पांडेय के अनुसार, उनके भाई अवधेश 22 नवंबर को सम्मनपुर के मछलीगांव जहनियापुर स्थित ननिहाल से बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे खपुरा बाजार पहुंचने पर पहले से घात लगाए जियालाल धुरिया, मेवालाल धुरिया (निवासी मछलीगांव जहनियापुर) और महेंद्र (निवासी खजुरी करौंदी) ने चार-पांच अन्य साथियों के साथ उनकी बाइक रोक ली। मुकदमे की पैरवी को लेकर गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने रॉड से हमला कर दिया। हमलावर उन्हें मरा समझकर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।