सुलेमपुर (अंबेडकरनगर)। भूमि की पैमाइश करने गए लेखपाल के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। लेखपाल की तहरीर पर हंसवर पुलिस ने एक नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। टांडा तहसील के एकडल्ला में रवि किरन बतौर लेखपाल तैनात हैं।
हंसवर थाने में दी तहरीर में बताया कि एकडल्ला गांव में कुलदीप वर्मा व राधेश्याम मौर्य के बीच भूमि का विवाद है। शिकायत मिलने के बाद वे भूमि की पैमाइश करने गए थे। पैमाइश का कार्य चल रहा था। इस बीच कुलदीप वर्मा अभद्रता करने लगा। इसके बाद वहां मौजूद पांच अन्य लोगों ने भी उनके साथ मारपीट की। थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर मामले में आरोपियों के विरुद्ध एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।