जलालपुर के पिंडोरिया में रामलीला मंचन का दृश्य।
जलालपुर(अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के पिंडोरिया में आदर्श रामलीला समिति की ओर से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार देर शाम सीता स्वयंवर, शिव धनुष और लक्ष्मण-परशुराम संवाद के मंंचन को दर्शकों ने सराहा।
मंचन में दिखाया गया कि विश्वामित्र राम व लक्ष्मण को साथ लेकर सीता स्वयंवर में भाग लेने जनकपुरी जाते हैं। जहां राजा जनक ने सीता के विवाह के लिए भगवान शिव के धनुष को तोड़ने की शर्त रखी। गुरु की आज्ञा पाकर प्रभु राम पल भर में ही धनुष को उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाते हैं और धनुष टूट जाता है। तब धनुष के टूटने की भयंकर गर्जना से भगवान परशुराम गुस्से से लाल होकर राजा जनक के दरबार में आते हैं और शिव धनुष टूटने का कारण पूछते हैं।राजा जनक बताते हैं कि उन्होंने सीता के स्वयंवर के लिए धनुष को तोड़ने की शर्त रखी थी। ये सुनकर भगवान परशुराम आग बबूला होकर पूछते हैं कि किसमें इतना साहस हुआ जो मेरे आराध्य भगवान शिव के धनुष को तोड़ने की हिम्मत की। यह सुनकर लक्ष्मण गुस्से में आ जाते हैं।