जलालपुर (अंबेडकर नगर)। नगर पालिका की जमौली स्थित अस्थायी गोशाला में 70 गोवंश हैं। शनिवार को यहां ठंड और पोषण की व्यवस्था कमजोर पाई गई है। गोवंश के लिए हरा चारा पर्याप्त मात्रा में नहीं है और सर्दियों में उन्हें ठंड से बचाने का कोई साधन मौजूद नहीं हैं। गोशाला में केवल पांच बिस्वा हरा चारा बोया गया है, जिसकी कटाई में कई सप्ताह लगेंगे। वर्तमान में हौद में केवल भूसा है, हरे चारे की कमी के कारण पशुओं का पोषण पूरा नहीं हो पा रहा है। सर्दियों में गोवंश बरसाती टिनशेड के नीचे ठिठुरने को मजबूर हैं। गोशाला में अलाव, गर्म फर्श या किसी भी प्रकार की ठंड से बचाव की व्यवस्था नहीं है। गोशाला प्रभारी रमाकांत चौबे ने बताया कि तीन दिनों में भूसा पहुंच जाएगा। अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि व्यवस्थाओं को जल्द ही दुरुस्त कर दिया जाएगा।