बसखारी। एनएच 233 पर झखरवारा मोड़ के पास बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मजदूर बाबूराम (61) और राजमिस्त्री बाबूलाल (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से 100 शैय्या अस्पताल अतरौलिया, आजमगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने बाबूराम को मृत घोषित कर दिया। बाबूलाल की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हंसवर के सिंहपुर निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि उनके पिता बाबूराम मजदूरी करते थे। इन दिनों वह न्योरी के कौड़ाही में मकान निर्माण में काम कर रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह टड़वा धारुपुर निवासी राजमिस्त्री बाबूलाल के साथ बाइक से काम पर जा रहे थे। बाइक बाबूराम चला रहे थे और बाबूलाल पीछे बैठे थे।
एनएच 233 से न्योरी जाते समय झखरवारा मोड़ के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया।
अस्पताल में बाबूराम की मौत की सूचना पर परिजन पहुंच गए। बाबूलाल की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। पति की मौत की खबर से पत्नी नवरत्ती देवी बदहवास हैं। बाबूराम के पांच बच्चे हैं। पुत्र सुनील कुमार, संदीप और प्रवीण तथा पुत्रियां रेखा और गुड़िया हैं। सभी की शादी हो चुकी है।
सिटी अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक का पता लगाया जा रहा है।