अंबेडकरनगर। मकर संक्रांति पर्व नजदीक आने के साथ ही जिले में पतंगों का मौसम पूरी तरह से परवान चढ़ने लगा है। 14 जनवरी को मनाए जाने वाले पर्व को लेकर शहर से लेकर गांवों तक दुकानें व छतें गुलजार हो गई हैं।
विज्ञापन
बाजारों में पतंगों की दुकानों पर भी खासा उत्साह नजर आ रहा है। दुकानों पर सजी रंगीन व डिजाइनदार पतंगें बच्चों को खूब लुभा रही हैं। खासतौर पर कृष्णा, सर्कस, तिरंगा, मोटू-पतलू, टॉम एंड जेरी और लव माई इंडिया डिजाइन वाली पतंगें सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं। खरीदारी बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
शहजादपुर के पतंग विक्रेता झिल्लू बताते हैं कि हर साल की तरह इस बार भी मकर संक्रांति से पहले अच्छी बिक्री हो रही है। बच्चे डिजाइन वाली पतंगें ज्यादा मांग रहे हैं, जबकि युवा मजबूत धागे और बड़ी पतंगों की खरीदारी कर रहे हैं।