अंबेडकरनगर। भीटी और कटेहरी विकास खंड में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर अपहरण और गोली चलाने के मामले सामने आ गए। इससे इन दोनों ब्लॉकों में शांतिपूर्ण ढंग से प्रमुख पदोें का चुनाव हो पाना बड़ी चुनौती बन सकता है। कटेहरी में जहां एक महिला ने थाने में तहरीर देकर अपने बीडीसी पति का अपहरण करने का आरोप लगाया है, वहीं भीटी में बीडीसी सदस्यों से निकले समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान उनमें मारपीट के साथ ही फायरिंग भी की गई।
ब्लॉक प्रमुख का चुनाव घोषित होने के पहले से ही 9 विकास खंडों में से कटेहरी और भीटी में शांतिपूर्ण चुनाव न होने की अटकलें लग रही थीं। कारण यह है कि इन दोनों क्षेत्र में बाहुबलियों का दबदबा रहा है। तमाम वरिष्ठ नेता भी इन क्षेत्रों में हैं। ऐसे में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर यहां ज्यादा खींचतान के आसार पहले से ही थे। इसी बीच सोमवार की शाम चुनाव घोषित होते ही आशंकाएं सच साबित होनी शुरू हो गईं।
सोमवार देर शाम ही बीडीसी सदस्यों से संपर्क में निकले लोग आपस में भिड़ गए। हुआ यह कि ब्लॉक प्रमुख पद की दावेदार महिला के पति और कुछ अन्य लोगों ने आरोप के अनुसार एक अन्य प्रत्याशी के प्रबल समर्थक को जमकर पीट दिया। इस दौरान जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग तक की गई।
मारपीट में हॉकी और लाठी-डंडों तक का प्रयोग किया गया। इस घटना को सीधे तौर ब्लॉक प्रमुख पद को लेकर शुरू हुई रस्साकसी से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इसकी प्रतिक्रिया में कोई नई घटना सामने आ सकती है। ऐसे में चुनाव घोषित होने के पहले दिन ही इस भिड़ंत ने आम लोगों के बीच आशंकाएं बढ़ा दी हैं।
उधर, कटेहरी ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर मंगलवार दिन में एक बीडीसी सदस्य के अपहरण का मामला सामने आ गया।
अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर परासी गांव निवासी सुदामा देवी ने तहरीर देकर कहा कि उसके बीडीसी सदस्य पति जयराम को मंगलवार को अपराह्न 2 बजे कुछ लोग जबरन वाहन पर बिठा ले गए। उस समय वह अपने घर खाना खा रहे थे। तभी उनका अपहरण कर लिया गया। महिला ने इस मामले मेें केस दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में अहिरौली पुलिस का कहना है कि जयराम से दूरभाष पर बात की गई। वह स्वेच्छा से कहीं गया है।
गड़बड़ी करने पर होगी सख्त कार्रवाई
ब्लॉक प्रमुख चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। चुनाव को लेकर कहीं भी गड़बड़ी की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। खास तौर पर बीडीसी सदस्यों से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया जाएगा।
-आलोक प्रियदर्शी, एसपी