अंबेडकरनगर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह किछौछा के सज्जादानशीन सै मोहिउद्दीन अशरफ ने मंगलवार को इंतजामिया कमेटी को अचानक भंग कर दिया। साथ ही आगामी अगहनिया मेले तक दरगाह का समूचा कार्यभार तीन लोगों को सौंप दिया गया।
महान सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी की किछौछा स्थित दरगाह की इंतेजामिया कमेटी में बीते कुछ वर्ष से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। बीते दिनों संपन्न हुए सालाना उर्स में तत्कालीन अध्यक्ष अजीज अशरफ ने कामकाज संभाला। हालांकि इसके बाद से ही एक पक्ष कमेटी को बदलने का दबाव बना रहा था। इस बीच मंगलवार को सज्जादानशीन सै मोहिउद्दीन अशरफ ने अचानक दरगाह परिसर पहुंचकर कमेटी को भंग कर दिया। इसके साथ ही अगहनिया मेले तक दरगाह में होने वाले सभी प्रकार के कार्यक्रमों की जिम्मेदारी अकील अशरफ, नसीम अशरफ व नूरुल ऐन अशरफ को सौंप दी। यह सभी अस्थायी तौर पर काम करेंगे। माना जा रहा है कि शीघ्र ही नई कमेटी का गठन हो जाएगा। उधर अब तक इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष रहे अजीज अशरफ ने कहा कि कुछ लोग दरगाह कमेटी में लंबे समय से अपनी जगह बनाने के प्रयास में थे। अब उन्हें सफलता मिल गई है। कहा कि जो भी नई कमेटी बनेगी, उनका सहयोग हम करते रहेंगे।