अंबेडकरनगर। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में माफिया सरगना खान मुबारक के आलीशान घर को अंबेडकरनगर पुलिस ने खोज निकाला है। हुसैनगंज के पॉश इलाके में उसके घर की मौजूदा लोकेशन को पुलिस ने फिलहाल बेहद गोपनीय रखा है लेकिन वह बीते दिनों ही माफिया के घर का जायजा लेकर वापस लौट चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार खान मुबारक का लखनऊ का फ्लैट कुर्क किए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
यहां यह बताना भी काफी दिलचस्प है कि सिर्फ अमर उजाला ने ही सबसे पहले यह खबर दी थी कि खान मुबारक की जिले से बाहर स्थित संपत्तियों पर भी पुलिस ने अपनी निगाह तिरछी कर दी है। जेल में बंद माफिया सरगना खान मुबारक की अवैध ढंग से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस कामयाबी को अभी पूरी तरह गोपनीय रखा गया है लेकिन पुलिस की इस गोपनीय मुहिम की पुख्ता जानकारी अमर उजाला के हाथ लगी है।
गौरतलब है कि हंसवर थाना क्षेत्र के हरसम्हार निवासी खान मुबारक का नाम अपराधियों की प्रदेश की टॉप टेन सूची में दर्ज है। वह लंबे समय से जेल में निरुद्ध है लेकिन जेल में रहने के दौरान उसके इशारे पर तमाम आपराधिक करतूतें सामने आती रहती हैं। अलग-अलग जनपदों में उसके विरुद्ध कुल 37 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें हत्या, अपहरण, रंगदारी, हत्या के प्रयास, बलवा तथा भूमि पर जबरन कब्जे जैसे मामले शामिल हैं।
जनपद पुलिस ने बीते दिनों एसपी आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में माफिया के विरुद्ध तगड़ी और प्रभावी कार्रवाई शुरू की है। हरसम्हार गांव के बाहर स्थित दो मंजिला घर तथा हंसवर बाजार स्थित 20 दुकानों वाला काम्प्लेक्स ढहाए जाने के साथ ही गांव स्थित मूल घर तथा खेत को पुलिस ने कुर्क कर डाला है।
माफिया खान के साथ ही उसके गुर्गों पर भी जनपद पुलिस का कहर टूट रहा है। इन सबके बीच ही सिर्फ अमर उजाला ने 29 सितंबर के अंक में यह खबर प्रमुखता से दी थी कि पुलिस ने अब माफिया खान मुबारक समेत अन्य बदमाशों के गैर जनपद स्थित संपत्तियों को भी खोज निकालने की गुपचुप योजना तैयार की है।
अमर उजाला की इस खास खबर पर एक बार फिर से मोहर लगी है। जनपद पुलिस को जिले के बाहर स्थित खान मुबारक की बेशकीमती संपत्ति का पता लगाने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस प्रशासन हालांकि अभी पूरे मिशन को अत्यंत गोपनीय बनाए हुए है लेकिन अमर उजाला के हाथ लगी खबर अत्यंत पक्की है।
खबर के अनुसार पुलिस ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित हुसैनगंज इलाके में उसका घर खोज निकाला है। एक बहुमंजिला टावर में उसका आलीशान घर चार कमरे वाला है। दो बालकनी भी इसमें शामिल है। घर की सजावट फर्नीचर आदि अत्यंत महंगे किस्म के हैं। इस घर में माफिया खान मुबारक की पत्नी व अन्य परिवारीजन ही रहते रहे हैं।
पुलिस द्वारा अंबेडकरनगर में प्रभावी मुहिम शुरू करते ही वह सब बीते दिनों ही घर में ताला बंद कर कहीं अन्यत्र चले गए हैं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार जनपद पुलिस गत दिवस यहां इस घर का जायजा लेने आई थी। जरूरी जानकारी हासिल करने तथा फोटोग्राफी करने के बाद वह यहां से वापस लौट चुकी है।
पुलिस ने अब इस आलीशान घर को कुर्क करने की योजना को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। जल्द ही अंबेडकरनगर पुलिस लखनऊ पहुंचकर इस बेशकीमती घर को कुर्क करने की प्रक्रिया को अंजाम दे देगी।
पुलिस ने यूं तो माफिया के घरों व संपत्तियों को ध्वस्त करने की मुहिम चला रखी है। जिले में माफिया के घर व काम्प्लेक्स को ध्वस्त भी किया जा चुका है लेकिन लखनऊ स्थित माफिया के घर को ध्वस्त करने की मुहिम पूरी नहीं हो पाएगी। कारण यह कि माफिया का घर बहुमंजिले टावर में है।
टावर के एक हिस्से में घर स्थित होने के चलते यह संभव नहीं है कि पूरे टावर को या फिर घर के एक हिस्से को ध्वस्त किया जाए। ऐसे में पुलिस घर को कुर्क करने की तैयारी में है।