अंबेडकरनगर। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे निर्माण में अंबेडकरनगर जनपदवासियों के हाथ बड़ी सफलता लगी है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने कटका बाजार के पास बड़े वाहनों के लिए भी लिंक मार्ग निर्माण की स्वीकृति दे दी है। सांसद रितेश पांडेय ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि नागरिकों की इस जायज मांग को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए। इसी क्रम में अब यह महत्वपूर्ण सफलता दोनों जनपद के नागरिकों को मिली है।
अंबेडकरनगर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इन दिनों गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण हो रहा है। यह लिंक एक्सप्रेस वे अंबेडकरनगर जनपद के जलालपुर व आलापुर के कई क्षेत्रों से होकर गुजर रहा है। इस एक्सप्रेस वे पर अंबेडकरनगर जनपद के कटका क्षेत्र में एंट्री व एक्जिट प्वॉइंट तो था, लेकिन सिर्फ छोटे वाहनों का ही आवागमन इससे हो सकता था। बीते दिनों विधायक रहते मौजूदा सांसद रितेश पांडेय ने इसे लेकर पत्र भेजा था। बाद में सांसद निर्वाचित होने के बाद रितेश पांडेय ने भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और सभी तरह के वाहनों के लिए आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की।
इस बीच सोमवार को सांसद रितेश ने बताया कि उनकी मांग को मंजूर करते हुए अंबेडकरनगर जनपद के कटका थाना क्षेत्र के कटका बाजार में ही बड़े वाहनों के लिए भी एंट्री व एक्जिट प्वॉइंट के निर्माण को हरी झंडी प्रदान कर दी गई है। बताया कि मुख्य अधिशाषी अधिकारी यूपीडा लखनऊ ने चीफ प्रोजेक्ट कंट्रोलर गोरखपुर को इस संबंध में पत्र भेजकर एंट्री व एक्जिट प्वॉइंट के निर्माण का निर्देश दिया है। इस प्वॉइंट के निर्माण से अब अंबेडकरनगर जनपद के नागरिक भी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का आवागमन में सुचारु प्रयोग कर सकेंगे।
सांसद के प्रयासों की सफलता पर जिले के गणमान्य नागरिकों व आमजन ने सराहना की। सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रमाकांत मिश्र व वरिष्ठ सराफा व्यवसायी वीरेंद्र सेठ ने कहा कि सांसद के प्रयासों का ही नतीजा है कि अब पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर भी अंबेडकरनगर जनपद के नागरिक सुचारु रूप से आवागमन कर सकेंगे। उधर, कार्यदायी संस्था दिलीप विल्डकॉन के स्थानीय प्रबंधक दिलीप सिंह ने बताया कि पहले कटका के पास हल्के वाहनों के लिए अंडर पास था, लेकिन सांसद के प्रयासों से यहां बड़े वाहनों के लिए जरूरी निर्माण की अनुमति मिल गई है।