अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न ब्लाकों में संचालित आठ आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के लिए खुशखबरी है। शासन के निर्देश पर जल्द ही इन विद्यालयों की छात्राओं को फ्रिज व वाशिंग मशीन की सुविधा मिलेगी। इससे जहां उन्हें हाथ से कपड़े धोने से निजात मिलेगी, वहीं उन्हें गर्मी में पीने के लिए ठंडा पानी भी उपलब्ध होगा। इससे करीब 800 छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने संबंधित विद्यालयों में यह संसाधन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरु कर दिया है। फरवरी माह के अंत तक सभी विद्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
गौरतलब है कि जिले के विभिन्न ब्लाकों में कुल 8 आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में गरीब परिवार की बेटियों को नि:शुल्क शिक्षा के साथ साथ रहने व खाने की सुविधा नि:शुल्क मिलती है। समय समय पर विद्यालय की छात्राओं को सरकार नई नई सुविधाओं का लाभ दे रही है। इस बीच छात्राओं को शासन ने फ्रिज व वाशिंग मशीन की सुविधा देने का निर्णय लिया है। कस्तूरबा गांधी विद्यालय निदेशक विजय किरन आनंद ने बीते दिनों पत्र भेजकर निर्देशित किया है कि अविलंब कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में छात्राओं के लिए फ्रिज व वाशिंग मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इससे एक तरफ जहां गर्मी के मौसम में छात्राओं को शीतल पेयजल का लाभ मिलेगा, वहीं कपड़ा धुलने में होने वाली कठिनाईयों से भी छात्राओं को निजात मिलेगी। कपड़ा धुलने में लगने वाले समय की भी बचत हो सकेगी। इससे छात्राएं पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगी। निदेशक के निर्देश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने इसे लेकर सभी वार्डेन को निर्देश जारी कर दिया है।
विभाग द्वारा निर्देश दिया गया कि विद्यालय की निधि में मौजूद धनराशि से आवश्यक संसाधनों की खरीददारी अविलंब सुनिश्चित की जाए। इसके बाद आवश्यक कागजात विभाग को मुहैया कराए जाएं। निर्देशों के अनुपालन में यदि कोई लापरवाही पायी गई तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शासन के इस निर्णय की छात्राओं ने स्वागत किया है। छात्राओं का कहना है कि वाशिंग मशीन की सुविधा मिलने से उन लोगों को काफी राहत मिलेगी। कपड़ा धुलने में उन्हें काफी मुश्किल होती है। फ्रिज मिलने से गर्मी के दिनों में इसका लाभ मिलेगा।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय भियांव, कटेहरी व बेवाना की छात्राओं को जल्द ही तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने के लिए कम्प्यूट की सुविधा मिलेगी। यह जानकारी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय प्रभारी डॉ. हरिश्चंद्र शुक्ल ने दी। बताया कि अन्य पांच विद्यालयों में यह सुविधा पहले ही दी जा चुकी है। तीन विद्यालय शेष बचे थे।
इन विद्यालयों में भी यह सुविधा मुहैया कराने की प्रक्रिया चल रही है। प्रत्येक विद्यालय में यह सुविधा मुहैया कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनायी जा रही चुकी है। प्रति विद्यालय फर्नीचर पर तीन लाख रुपए व कंप्यूटर पर एक लाख रुपए खर्च होगा। इसके लिए पांच एजेंसियों ने टेंडर भी डाला है। इसमें श्री ट्रेडर्स गोंडा, विनायक इंटर प्राइजेज अकबरपुर, एस स्टेशनरी अकबरपुर, गणपति इंटरप्राइजेज गोंडा व रवि ब्रदर्स लखनऊ शामिल हैं।
शासन के निर्देशानुसार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया करायी जाएंगी। फ्रिज व वाशिंग मशीन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वार्डेन को निर्देशित किया जा चुका है। फर्नीचर व कंप्यूटर खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
अतुल कुमार सिंह, बीएसए