लाटरी के माध्यम से पात्रों का चयन भी किया गया था, लेकिन उन्हें आज तक आवास की चाभी नहीं मिल सकी थी। देखरेख के अभाव में आवास के दरवाजे व खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पक्के आवास सुलभ कराने के लिए कांशीराम आवास योजना की शुरुआत बसपा शासनकाल में मुख्यमंत्री मायावती ने की थी। योजना के तहत जलालपुर तहसील क्षेत्र के वाजिदपुर व उसमापुर में भी कांशीराम आवास निर्माण को हरी झण्डी मिली।
14 करोड़ रुपये की लागत से उसमापुर में 276 व वाजिदपुर में 252 आवास निर्माण कराया गया। वर्ष 2010 में निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ, जो वर्ष 2011 में पूर्ण हो गया। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद जुलाई 2012 में आवास के आवंटन के लिए आवेदन लिए गए और बाकायदा लाटरी के माध्यम से पात्रों का चयन भी किया गया।
चार वर्ष से अधिक का समय बीत गया, लेकिन अब तक उसका आवंटन नहीं हो सका। देखरेख के अभाव में आवास के दरवाजे व खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उधर एसडीएम विवेक मिश्र ने बताया कि बीते दिनों फिर से आवेदन मांगे गए हैं। शीघ्र ही पात्रों को आवास का आवंटन कर दिया जाएगा।