जमुनीपुर। अकबरपुर विकास खंड के दहियावर ग्रामसभा में आस्था के केंद्र मठिया मंदिर तक जाने वाले चकरोड मार्ग पर कुछ लोगों न अतिक्रमण कर लिया है। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
बता दें कि अकबरपुर विकासखंड के ग्राम सभा दहियावर स्थित श्रद्धालुओं के आस्था का केंद्र मठिया माता का भव्य मंदिर है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों तहिरापुर, भगौतीपुर, लहनपुर, सुल्तानपुर व लोदीपुर के अलावा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। बताया जाता है कि मंदिर तक आने वाले चकरोड को कुछ लोगों द्वारा काटकर खेत में मिला लिया गया है।
इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने मुश्किलें हो रही हैं, बल्कि आम जनमानस को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों की माना जाए तो मंदिर तक पहुंचने के लिए लोगों को तीन किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी शिकायत ग्राम पंचायत प्रतिनिधि से भी की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसका खामियाजा श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ रहा है। रोहित, शंभू, शिवराज, राजकुमार ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।