फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: सात वर्ष बाद मिला न्याय, बीमा कंपनी को 4.62 लाख देने का आदेश

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। गोदाम में आग लगने से टेंट हाउस संचालक का 4.62 लाख रुपये का सामान जल गया। बीमा कंपनी के सर्वेयर ने भी नुकसान की पुष्टि की, लेकिन भुगतान के समय कंपनी मुकर गई। करीब सात साल तक चले मुकदमे के बाद जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने बीमा कंपनी को भुगतान का आदेश दिया है। आयोग ने फ्यूचर जनरली इंडिया इंश्योरेंस कंपनी को 4.62 लाख रुपये छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ देने को कहा है। इसके अलावा 15 हजार रुपये क्षतिपूर्ति और वाद व्यय के रूप में देने होंगे।
विज्ञापन

भीटी क्षेत्र के गोपीपुर निवासी नरेंद्र कुमार आरबी टेंट हाउस चलाते हैं। कारोबार के लिए उन्होंने बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की नसीरपुर शाखा से 2.75 लाख रुपये का कैश क्रेडिट लिया था। बैंक के माध्यम से फ्यूचर जनरली इंश्योरेंस कंपनी से पांच लाख रुपये का अग्नि बीमा भी कराया था। बीमा दो जून 2018 से एक जून 2019 तक प्रभावी था।
28 मार्च 2019 को दोपहर करीब 12 बजे उनके गोदाम में आग लग गई। हादसे में रजाई, गद्दे, तकिए, पर्दे और सजावट का सामान जल गया। नरेंद्र कुमार ने 4,62,360 रुपये के नुकसान का दावा किया। बीमा कंपनी के सर्वेयर ने एक अप्रैल 2019 को गोदाम का निरीक्षण कर इतनी ही धनराशि की क्षति का आकलन किया। इसके बावजूद कंपनी ने बीमा राशि का भुगतान नहीं किया। इस पर संचालक ने उपभोक्ता आयोग में परिवाद दाखिल किया।
विज्ञापन

बचा हुआ सामान अधिक होने की दलील नहीं आई काम
सुनवाई के दौरान बीमा कंपनी ने दलील दी कि आग से बचा हुआ सामान बीमित धनराशि से अधिक मूल्य का था। कंपनी ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को समय से सूचना नहीं देने तथा जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने का तर्क भी दिया। आयोग ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। पीठ ने कहा कि बीमा कंपनी यह साबित नहीं कर सकी कि जला हुआ सामान बीमा के दायरे में नहीं था। सर्वेयर ने खुद नुकसान का आकलन किया था। ऐसे में भुगतान से इन्कार करना सेवा में कमी है। अध्यक्ष दयाराम और सदस्य किरन की पीठ ने शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए बीमा कंपनी की दोनों इकाइयों को संयुक्त या अलग-अलग रूप से 45 दिन के भीतर भुगतान करने का आदेश दिया। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर ब्याज दर छह से बढ़कर आठ प्रतिशत वार्षिक हो जाएगी। इसके अलावा मानसिक और आर्थिक क्षति के लिए 10 हजार रुपये तथा वाद व्यय के रूप में पांच हजार रुपये देने होंगे। आयोग ने बैंक के खिलाफ दाखिल परिवाद खारिज कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें