अंबेडकरनगर। पुरुष व महिला सिपाहियों ने पुलिस लाइन में रह कर एक माह का जाॅइनिंग ट्रेनिंग कोर्स (जेटीसी) का पहला प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। पुलिस विभाग के नए सिपाहियों की आरटीसी (रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर) का प्रशिक्षण 21 जुलाई से शुरू होगा। यह नौ माह तक चलेगा। इसके लिए जेटीसी का प्रशिक्षण लिए 81 आरक्षियों को गोरखपुर में नौ माह के प्रशिक्षण के लिए रविवार को भेज दिया गया है। अब 380 सिपाहियों को पुलिस लाइन में आरटीसी का समग्र प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर चयनित चार जिलों के प्रशिक्षुओंं को पुलिस लाइन में 22 जून से एक माह का जेटीसी प्रशिक्षण दिया जा रहा था। यहां 439 प्रशिक्षु कानपुर नगर, कानपुर देहात, श्रावस्ती और कन्नौज से आए हुए थे। दो दिन पूर्व इनका प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रविवार को 81 महिला सिपाहियों को गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया गया है। अब शेष 380 प्रशिक्षुओं को मंगलवार से आरटीसी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीओ पुलिस लाइन शुभम कुमार ने बताया कि 21 जुलाई से सिपाहियों को आरटीसी का प्रशिक्षण कराया जाएगा।