अंबेडकरनगर। जैतपुर के मुस्कुराई गांव में बृहस्पतिवार रात चोरों ने पूर्व प्रधान छोटेलाल के घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना के वक्त परिवार के सभी लोग गर्मी के कारण घर के बाहर सो रहे थे। शुक्रवार सुबह जब घरवालों की आंख खुली तो चोरी का पता चला।
पूर्व प्रधान छोटेलाल के अनुसार बृहस्पतिवार रात खाना खाने के बाद सभी लोग बाहर सोने चले गए थे। रात के अंधेरे में चोर घर के पीछे के रास्ते से भीतर घुसे और कमरे में रखे दो लोहे के बक्सों का ताला तोड़ डाला। बक्सों में रखे गहने और कीमती सामान चोर उठा ले गए। शुक्रवार सुबह जब परिजन जागे तो बक्सों के ताले टूटे मिले और सारा सामान बिखरा हुआ था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
छोटेलाल ने बताया कि चोरी गए गहनों की कीमत लगभग तीन लाख रुपये है, हालांकि अभी पूरी संपत्ति का आंकलन नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जांच की जा रही है।