टांडा नगर में अतिक्रमण हटाती जेसीबी
विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका परिषद टांडा की भूमि पर पक्का निर्माण कर अवैध अतिक्रमण करना दो लोगों को भारी पड़ गया। एसडीएम टांडा अरविंद त्रिपाठी के निर्देश पर बुधवार को जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिए गए।
सकरावल मोहल्ला निवासी शैहान अहकम ने एसडीएम से शिकायत की थी कि हयातगंज मोहल्ले में स्थित डीएबी एकेडमी स्कूल के पास सगे भाई महबूब आलम और मोहम्मद असलम पक्की दीवार और टिन शेड बनाकर सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद नगर पालिका ने पहले तीन बार नोटिस जारी किया लेकिन इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इस पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार अंबरीश सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से अतिक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान शमशाद जुबैर, निशांत पांडेय, जेई आशीष कुमार चौहान, सलमान खान, अनूप यादव, हरिश्चंद्र पाठक और मोहम्मद हुसैन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।